डायघर में आग का तांडव, टायर गोदाम जलकर खाक होने की कगार पर !!
डायघर पुलिस स्टेशन के सामने टायर गोदाम में भीषण आग, दमकल और पुलिस मौके पर
ठाणे जिले के डायघर क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब डायघर पुलिस स्टेशन के सामने स्थित एक टायर गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम से ऊंची-ऊंची लपटें तथा घना काला धुआं उठने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास शुरू कर दिए गए। डायघर पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है तथा आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है।
टायरों में लगी आग के कारण धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या घटनास्थल के आसपास जमा हो गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई थीं। किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
(अपडेट जारी…)

मुख्य संपादक : वल्लुरी डेव्हिड राव



